BILASPUR BIG NEWS : खाली मालगाड़ी के आठ डिब्बे बेपटरी , यातायात पर असर


BILASPUR BIG NEWS : बिलासपुर ! दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के बिलासपुर रेल मंडल के अकलतरा स्टेशन यार्ड में गुरुवार को खाली मालगाड़ी के आठ डिब्बे और गार्ड का ब्रेकवान पटरी से उतर गये जिससे ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना दोपहर 15.05 बजे मुम्बई—हावड़ा मुख्य रेलमार्ग की डाउन लाइन पर बिलासपुर से कोरबा की ओर जा रही खाली मालगाड़ी के आठ डिब्बे और गार्ड का ब्रेकवान अकलतरा स्टेशन के यार्ड में पटरी से उतर गये। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की रिपोर्टें नहीं है।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेल अधिकारियों एवं सुधार कर्मचारियों की टीम बिलासपुर और कोरबा से घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। यह टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति को बहाल करने में जुटी है।

घटना की वजह से अप और डाउन लाइन की अनेक यात्री-गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सभी यात्री-गाड़ियों को रायपुर, भाटापारा, बिल्हा, बिलासपुर और पास के अन्य स्टेशनों में नियंत्रित किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस बीच यात्रियों की सहायता के लिए बिलासपुर, रायगढ़ और चांपा सहित अन्य स्टेशनों पर यात्री सहायता केंद्र की स्थापना की गयी है।