Ayushman Card महाअभियान : 1 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य


Ayushman Card अम्बिकापुर: आगामी 23 जून को जिले में 1 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने के लक्ष्य के साथ महाअभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग सहित समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार की बैठक लेकर कार्ययोजना पर चर्चा। कलेक्टर द्वारा एक दिवसीय महाभियान के सफल क्रियान्वयन एवं निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर श्री कुन्दन ने नागरिकों से अपील की है कि सभी नागरिक अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं। 


कलेक्टर द्वारा जिले में जनसामान्य को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने की दिशा में 1 लाख का लक्ष्य निर्धारित किया है। गौरतलब है कि आयुष्मान जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र बीपीएल परिवारों को 5 लाख रुपए एवं एपीएल परिवारों को डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत 50 हजार रुपए तक का लाभ योजनांतर्गत पंजीकृत किसी भी शासकीय एवं निजी चिकित्सालय में आयुष्मान कार्ड द्वारा नि:शुल्क ईलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत अन्य अतिरिक्त गंभीर बीमारी हेतु मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता के तहत 20 लाख रुपए तक स्वास्थ्य सहायता प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आयुष्मान कार्ड अनिवार्य है।

इस महाभियान में छूटे हुए हितग्राहियों के सूची अनुसार कुल 227 ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। वनांचल क्षेत्र के गांव में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए वन विभाग के कर्मचारी भी सहयोग करेंगे। प्रत्येक गांव में पंजीयन हेतु 3 सदस्यीय दल का गठन किया जायेगा। जिसमें रोजगार सहायक और स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल हैं। हितग्राहियों को शिविर तक लाने की जिम्मेदारी मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी का कार्य का दायित्व पंचायत सचिव निभाएंगे। प्रत्येक 5 ग्राम में एक सुपरवाइजर रहेंगे जो हितग्राहियों को मोबिलाइजेशन सूची की उपलब्धता तथा अभियान की जानकारी अध्ययन कराएंगे।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर प्रतिष्ठा ममगई, डीएफओ पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, जिला स्तरीय आधिकाती सहित समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।